चिरैयाकोट। स्थानीय थाना के मानपुर वार्ड में काली मंदिर के सामने विवादित जमीन पर पूजा की तैयारी कर रहे पांच लोगों का पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर शांतिभंग में चालान कर दिया। 24 जनवरी को दो समुदायों के बीच हुए मतभेद के बाद उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ने आदेश जारी कर अगले आदेश तक मंदिर के सामने खाली जमीन पर किसी तरह का आयोजन करने के लिए मना किया था। चिरैयाकोट नगर पंचायत के मानपुर वार्ड में काली माता का मंदिर है। जिसके सामने आबादी की जमीन है। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन एक समुदाय के लोगों ने वहां हवन कुंड बनाकर और त्रिशूल स्थापित करवा दिया। 24 जनवरी को दूसरे समुदाय के लोगों ने अपनी जमीन बताकर हवन कुंड और त्रिशूल हटाने की जिद करने लगे। सूचना पाकर वहां पहुंचे उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना हेमंत चौधरी ने जांच के बाद उस जमीन को सरकारी बताकर स्थगन आदेश लागू कर दिया था। अगले आदेश तक खाली जमीन में दोनों समुदाय के लोगों को किसी तरह का पूजा पाठ या अन्य कार्य करने का आदेश दिया था। बावजूद चिरैयाकोट नगर के जमीनदुर्गा निवासी यशवंत पांडेय, महतमाना निवासी दीपक प्रजापती, रसूलपुर निवासी कालिका राम, ओसतपुर निवासी बलिराम गोड़, मानपुर निवासी उषा देवी खाली जमीन में सोमवार को पूजा की तैयारी रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।