नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम बंधुओं ने जिले के नगरीय और ग्रामीण इलाकों में जुलूस निकाला। वहीं जलसा सहित धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
घोसी: पैगम्बर मोहम्मद साहब के जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर रविवार को घोसी नगर में जुलूसे मोहम्मदी निकाल कर मुस्लिम समुदाय ने खुशी का इजहार किया। नगर की सभी मस्जिदों व मदरसों से पैगंबर मोहम्मद सलल्लाहो अलैहेवसल्लम की शान में जुलूसे मोहम्मदी निकाल कर खुशगवार माहौल में मनाया गया।
मदरसा शम्सुल ओलूम, मदरसा अनवारुल कुरान, मदरसा अमजदिया आदि का संयुक्त रूप से निकला विशाल जुलूसे मोहम्मदी रविवार की सुबह नगर के करीमुद्दीनपुर से निकलकर बड़ागांव बाजार, बड़ागांव मोड़ होते हुए पकड़ी मोड़ पहुंचा।जहां पर सोमरीडीह से जुलूस लेकर आए अकीदतमंद जुलूस का हिस्सा बन कर आगे बढे़।
मधुबन मोड़ पर जुलूस के पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विशाल जुलूस, बस स्टेशन, तहसील मुख्यालय, ब्लाक मुख्यालय, यहिया मार्किट, मझवारा मोड़ होते हुए मदरसा शम्सुल ओलूम पर आकर समाप्त हुआ। हजारों की तादाद में निकले लोगों ने इस जुलूस को संपन्न कराने में एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ उमाशंकर उत्तम, कोतवाल राजेश यादव, नगर प्रभारी संतोष यादव आदि प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
दुबारी: ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम बंधुओं ने रविवार को दुबारी मस्जिद से जुलूस निकाला। कई जगहों पर जुलूस मुस्लिम बंधुओं के साथ साथ हिंदू भी शामिल होकर आपसी भाईचारा का संदेश दिया। जुलूस गांव के विभिन्न गलियों एवं चौराहों से होती हुई मदरसा के पास मस्जिद तक पहुंचकर जलसा में तब्दील हो गई।
चिरैयाकोट: पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म दिवस पर मुस्लिम बंधुओं ने रविवार को जुलूस निकाला। कई जगहों पर जलसा का आयोजन किया गया। मोहम्मद साहब को याद करते हुए लोग एक दूसरे से गले मिलकर ईद मिलादुन्नबी की बधाइयां भी दी।
मधुबन: तहसील क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी पर रविवार को मुस्लिम बंधुओं ने क्षेत्र के दरगाह, बीबीपुर, सिपाह, फतेहपुर, मर्यादपुर, पूरा बंधुमल्ल सहित विभिन्न इलाकों में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस को पूरे धूमधाम से मनाया गया। कहीं पर जलसा, कहीं पर जुलूस तो कहीं पर कुरआन ख्वानी के माध्यम से मुसलमानों ने अपने पैगम्बर को खिराजे अकीदत पेश किया। कई जगहों पर जलूस निकाले गए। जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधुओं के साथ साथ हिंदू भाइयों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस दौरान पूरा वातावरण सरकार की आमद मरहबा गूंजता रहा। इस दौरान मौलाना महबूब आलम, अमित वर्मा, अश्विनी राजभर, प्रेम प्रकाश, सत्यम राय, साहिल हयात, मोहसिन आलम, शिवचंद यादव, नन्हे अंसारी, कमालूद्दीन, अशरफ अंसारी, नसीर अंसारी आदि शामिल रहे।
मदरसा के बच्चों ने निकाली रैली
मधुबन। तहसील क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम बाहुल्य दरगाह, बीबीपुर, सिपाह, फतेहपुर, मर्यादपुर, पूरा बंधुमल्ल गांवों में पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस पर जुलूस निकाले गए। जलसों के आयोजन हुए। तहसील क्षेत्र के दरगाह स्थित मदरसा तालीमुद्दीन के नन्हे-मुन्ने छात्रों ने रैली निकाली। मदरसा से निकली रैली गांव की गलियों एंव चौराहों से होती हुई दोपहर के 12 बजे पुन: मदरसा पहुंचकर जलसे में तब्दील हो गई।