सरायलंखसी थाना क्षेत्र के पलिगढ़ स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की छात्रा की मौत की गुत्थी तीन दिन बीतने के बाद भी सुलझती नहीं दिख रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से मौत का कारण पता चलने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें कोई कारण स्पष्ट न होने पर पुलिस ने विसरा जांच के लिए वाराणसी प्रयोगशाला में सैंपल भेजा है। अब पुलिस विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रीना यादव पलिगढ़ गांव स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। बीते बृहस्पतिवार की शाम तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है। परिजनों ने इस संबंध में आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। वहीं पुलिस इस मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही थी। लेकिन शनिवार की देर शाम पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने विसरा जांच के लिए विज्ञान प्रयोगशाला वाराणसी के लिए भेज दिया, जहां से रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस संबंध में सरायलंखसी थाना प्रभारी आरएन राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नही हो पा रहा है, अब विसरा रिपोर्ट के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।