घोसी। कोर्ट के आदेश पर 15 लाख गबन मामले में घोसी कोतवाली के भावनपुर और पकड़ी निवासी तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर मिर्जापुर गांव निवासी भोला मोदनवाल का आरोप है कि पकड़ी बुजुर्ग गांव निवासी संतोष निषाद, उसकी पत्नी उषा निषाद, भावनपुर निवासी राजकुमार सिंह ने बड़ौदा यूपी बैंक बलुआ पोखरा से तीन लाख रुपये लोन दिलाने के नाम पर बहला फुसलाकर जमीन के कागजात लेकर कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करा लिया। लेकिन उसे लोन का पैसा नहीं मिला। पूछने पर हीला हवाली करने लगे। 26 अक्तुबर 2023 को बड़ौदा यूपी बैंक बलुआ पोखरा से 15 लाख 45 हजार 213 रुपये की वसूली के लिए आरसी जारी होने के बाद उसे पूरे मामले की जानकारी हुई। इस संबंध में पूछने पर अब तीनों गाली दे रहे और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।