सरकारी देसी शराब की दुकान में बिक रही थी नकली शराब, तीन के खिलाफ केस: संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मढैया चट्टी स्थित देसी शराब की दुकान पर मिलावटी शराब बेचने के आरोप में आबकारी विभाग के निरीक्षक की तहरीर पर दुकान के लाइसें धारक समेत तीन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया ।
इस संबंध में क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक बजरंगी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि 18 अगस्त को सुबह क्षेत्र भ्रमण के दौरान मड़ैया चट्टी पर देसी शराब की दुकान समय से पूर्व खुली पाई गई। इस दौरान आबकारी टीम ने जब दुकान के अंदर जाकर चेक किया तो वहां बंटी बबली नाम ब्रांड की देसी शराब का पव्वा पाया गया जिसकी पैकिंग में छेड़छाड़ की गई थी। आशंका होने पर ब्रांड का नमूना लेकर प्रयागराज लैब में भेजा गया। उसी दिन जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उक्त ब्रांड की तीव्रता के विपरीत मिलावट कर नकली शराब बेची जा रही थी। उक्त कृत्य आबकारी नियमावली के विपरीत है और धोखाधड़ी किया जा रहा है।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक ने दुकान के लाइसेंस धारक उमेश यादव निवासी बभनपुरा थाना कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना दुकान के सेल्समैन हरकेश सिंह निवासी कमालपुर और बलिराम निवासी चरावौया थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।