पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के निर्देश पर महिला व्यापारी का बकाया पैसा न देने और जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने मंगलवार की रात तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। रतनपुरा निवासी विमला गुप्ता ने तहरीर में बताया है कि उनकी लोहा, सरिया और बालू सीमेंट की दुकान से हलधरपुर थाना क्षेत्र के भीमहर निवासी प्रेमचंद्र शर्मा ने अपनी दुकान के लिए वर्ष 2014 से 2020 तक लगातार सामान खरीदा। फरवरी 2022 में पूरा हिसाब करने पर पाया गया कि प्रेमचंद्र ने दस वर्षों में 45 लाख 36 हजार 79 रुपये का सामान खरीदा गया है।जिसमें से अब तक मात्र 15 लाख 88 हजार 600 रुपये जमा किए हैं। शेष धनराशि मांगने पर हीलाहवाली की जा रही है। 23 जनवरी को विमला गुप्ता के देवर सिद्धनाथ गुप्ता ने जब प्रेमचंद से बकाया मांगा तो वह, दयानंद शर्मा और विवेकानंद शर्मा ने गालियां देने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। विमला गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।