कोतवाली क्षेत्र के टेसूपार गांव निवासी महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार पूनम शर्मा ने बताया कि मार्च 2023 में उसकी शादी टेसूपार निवासी सच्चिदानंद से हुई। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक ठाक चलता। इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा कम दहेज लाने का ताना देते हुए तीन लाख रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप लगाया कि तीन लाख रुपया देने में असमर्थता जताने पर इन सभी ने उसके साथ घरेलू हिंसा की।
मामले की जानकारी बीते सात जून को उसने अपने चाचा को दी। जिसके बाद वह उसे मायके ले गए। विवाहिता का आरोप है कि मामले में जब उसके बाबा चंद्रपति शर्मा ने बात की तो उनसे भी ससुरालवालों ने अभद्रता की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।