चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के मुसेपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवक के मामले में पुलिस ने उसके भाई की तहरीर पर एक युवती और परिवार के तीन सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। दर्ज मुकदमे के अनुसार चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी श्रीराम ने बताया कि उसके छोटे भाई कृष्ण मौर्य का मुसेपुर गांव निवासी एक युवती से प्रेमप्रंसग चल रहा था। आरोप लगाया कि बीते बृहस्पतिवार की सुबह रायपुर बाजार में वह दवा लेने गया हुआ था। जहां से उसे उसकी प्रेमिका ने घर पर बुलाया। जब वह उसके घर पर पहुंचा तो लड़की और उसकी मां और भाई ने कृष्ण को प्रताड़ित किया। जिससे वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गया। उसके भाई ने अपनी प्रेमिका के घर पर फंदे से झूलकर जान दे दी। पुलिस ने तहरीर पर युवती और परिवार के तीन सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।