स्थानीय पुलिस शनिवार को एक युवक के अपहरण की कोशिश के मामले में तीन पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी रही। रितेश गुप्ता भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए बृहस्पतिवार को पंप कैनाल नहर आया था। देर शाम करीब सात बजे वापस जा रहा था तभी चार पहिया वाहन सवार तीन लोगों ने सडासों मोड़ के पास उसे रोककर अपहरण की कोशिश की। आरोपियों ने 20 लाख की फिरौती मांगी। पुलिस को इसकी जानकारी शूटिंग ग्रुप की सहयोगी पूजा ने दी। पुलिस के आने की जानकारी होने पर अपहरण करने वाले रितेश को छोड़कर भाग गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर आकाश निवासी बिजईपुर थाना मेंहनगर जनपद आजमगढ़ और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।