नगर कोतवाली के सहादतपुरा में आजमगढ़ मोड़ पर शनिवार की शाम लगभग सात बजे बेकाबू कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। एक बाइक पर सवार जिला अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड और दूसरी पर सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने आनन फानन में तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। टक्कर मारने वाली कार एक डॉक्टर की थी। इसे जब्त कर पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार कोपागंज थाना के धवरियासाथ गांव निवासी अभिनंदर कुमार रावत शनिवार की देर शाम जिला अस्पताल में ड्यूटी करने जा रहा था। उसी समय नगर कोतवाली के मुंशीपुरा निवासी रुकसाना अपने पति मकसूद आलम के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। दोनों बाइक अभी आजमगढ़ मोड़ पर पहुंचे कि पीछे से आई तेज रफ्तार बेकाबू कार ने दोनों बाइकों में टक्कर मार दी। इसमें दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में किसी भी घायल ने शहर कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी है। शहर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।