इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के करीमाबाद के पास शुक्रवार सुबह पांच बजे सामने से आ रही बाइक को बचाने में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के समय कार की स्पीड इतनी तेज थी कि पेड़ से टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
बलिया के उभाव थाना के बेल्थरा बाजार निवासी मनीष सिंह 40, रूपा सिंह 36, उत्कर्ष सिंह 17 शुक्रवार सुबह कार से किसी काम से वाराणसी जा रहे थे। अभी वह कोपागंज थाना क्षेत्र के मझवारा-मऊ शहीद मार्ग पर इंदारा मुहम्मद अली इंटर कॉलेज करीमाबाद के पास पहुंचे थे। इस बीच सामने से आ रही बाइक को बचाने में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मनीष सिंह, रूपा सिंह और उत्कर्ष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की हालत को गंभीर देख रेफर कर दिया। वहां से स्वजनो ने मऊ के निजी अस्पताल में तीनों को भर्ती कराया, जहां तीनों का उपचार चल रहा है।