बढुआ गोदाम। विधानसभा चुनाव में सदर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए हर जतन कर रहे हैं। घर-घर जनसंपर्क के माध्यम से नेता और उनके समर्थक, मतदाताओं को रिश्तों की डोर जोड़ने में जुटे हैं। दावे, वादे भी खूब किए जा रहे हैं। प्रत्याशी मतदाताओं के पैर छू कर उनसे आशीर्वाद तो मांग ही रहे हैं साथ ही वादों की लिस्ट भी दिखाना नहीं भूल रहे। मतदान की तारीख जैस-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे ही उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार भी तेज हो रहा है। गांवों की गलियों में इन दिनों नेता वादा करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। जो वादे किए, उनको अमलीजामा पहनाने का भी पूरा आश्वासन दे रहे हैं। वहीं, कुछ उम्मीदवारों ने अपने नजदीकी समर्थकों की टोलियां बना दी है। पांच से छह लोग गांव-गांव जाकर चुनाव प्रचार करने में जुट गए हैं। वहीं, कुछ उम्मीदवार सुबह उठकर, टहलने वालों से मिलना नहीं भूल रहे हैं। कोई सरकार की उपलब्धियों को गिनवा रहा है तो कोई सरकार आने पर विकास की गंगा बहाने का दावा कर रहा है। किसी की पत्नी अपने पति के लिए वोट देने की अपील कर रही है तो कोई बहन भाई के लिए वोट मांग रही है।