मऊ/बढुआ गोदाम। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में होने वाले खर्च पर चुनाव आयोग ने सामानों की रेट सूची जारी कर दी है। चुनाव में प्रत्याशी प्रचार-प्रसार के दौरान सूची के आधार पर ही खर्च कर सकेंगे। प्रत्याशियों के खर्च पर चुनाव आयोग की टीम निगरानी करेगी। प्रत्याशी की तरफ से चुनाव के दौरान किसी भी व्यक्ति को नाश्ता एक चाय या समोसा खिलाएगा तो उनके चुनाव खर्च में दिखाना होगा। चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए प्रत्याशियों के खर्च करने की सीमा 95 लाख रुपये तक तय की गई है। इसके लिए प्रत्याशियों का स्वयं का बैंक एकाउंट होगा। जिसका वह केवल चुनाव से संबंधित खर्च के लिए ही उपयोग करेंगे। साथ ही उस खाते से एक बार में केवल 10 लाख रुपए की निकासी हो सकेगी। उससे अधिक रुपयों की निकासी नहीं कर पाएगा। चुनाव आयोग की ओर से तय किए गए मूल्य के मुताबिक लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी नाश्ते में पांच पूड़ी के साथ एक सब्जी और एक मिठाई के लिए 75 रुपए खर्च ही कर सकेगा। एक चाय और एक समोसे के लिए बीस रुपये, होटल किराया के लिए 1750 रुपये, लोहे के फ्रेम वाली होर्डिंग के लिए 130 रुपये, कपड़े के झंडे डंडे के लिए 250 रुपये, एक टोपी के लिए 10 रुपये, अंगौछा के लिए 75, मिनी बस रोजाना किराए पर 5500 चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा। जीप, टैंपो, कार के लिए 1700, बोलेरो, सफारी, जाइलो जैसी कार किराये पर लेने पर प्रतिदिन 22 सौ से 35 सौ तक चुनाव में खर्च करना है। वहीं ध्वनि व्यवस्था के लिए एक माइक दो हार्न का सेट लेने पर प्रतिदिन 500 रुपए के हिसाब से चुनाव खर्च में दिखाना होगा। जबकि दो माइक दो हार्न का सेट 600, दो माइक चार हार्न लेने पर 800 रुपए देना होगा। इसी तरह छह हार्न के सेट पर एक हजार, आठ हार्न के सेट पर बारह सौ, दस हार्न के सेट पर चौदह सौ, बीस हार्न के सेटपर पच्चीस सौ, तीस हार्न सेट पर 36 सौ, चालीस हार्न के सेट पर 48 सौ रुपये, 50 हार्न सेट पर छह हजार हार्न सेट पर रुपए, साठ हार्न सेट पर सात हजार रुपए, सत्तर हार्न सेट के सेट पर 82 सौ, अस्सी हार्न सेट पर 93 सौ रुपए खर्च में दिखाना होगा। इसी तरह एम्पीफायर, माइक्रोफोन प्रतिदिन लाउडस्पीकर समेत 15 सौ रुपये, पोंडियम के साथ माइक 100 रुपये चुनाव खर्च में लेने पर दिखाना होगा। बिजली व्यवस्था के लिए एलईडी बल्ब 20 प्रतिदिन से लेने के लिए छह रुपए, 40 वाट का ट्यूब लाइट किराए पर लेने पर एक रुपये तो एलईडी स्क्रीन आठ गुणे बारह प्रतिपीस किराये पर लेने पर 12 हजार 500 रुपये खर्च में जोड़ा जाएगा। इसी तरह टेंट फर्नीचर व मंच व्यवस्था का भी रेट तय किया गया है। किराये पर डबल सोफा प्रतिदिन लेने पर खर्चे में 200 रुपये के हिसाब से जोड़ा जाएगा। जबकि 35 रुपये गद्दा, 15 से 20 रुपये प्रति पीस चादर को खर्च में जोड़ा जाएगा। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में होने वाले खर्च पर चुनाव आयोग ने प्रचार प्रसार में लगने वाले सामानों की रेट सूची जारी कर दी है, प्रत्याशियों के खर्च पर ध्यान रखा जाएगा।