मऊ। एक साजिशकर्ता के जिलाधिकारी अरुण कुमार की फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर बुधवार को सीडीओ राम सिंह वर्मा से फोन कर रंगदारी मांगी है। सीडीओ की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की कुंडली खंगाल ली है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। सीडीओ राम सिंह वर्मा के मोबाइल पर 12 जुलाई को 9771349641 नंबर से अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पहले धौंस जमाई। बेअदबी से बात की और फिर रंगदारी मांगी। जब उसका व्हाट्सएप चेक किया गया तो उस पर जिलाधिकारी की फोटो लगी मिली। आरोप है कि यही फोटो दिखाकर वह छोटे अफसरों और कर्मचारियों पर रोब गांठ कर रुपये मांगा करता था। सीडीओ ने जानकारी एसपी अविनाश पांडेय को दी। उन्होंने मोबाइल नंबर के आधार पर उक्त शख्स के विरुद्ध तहरीर दी। साथ ही सर्विलांस, स्वाट, एसओजी और शहर कोतवाली पुलिस की टीम को सुरागरशी के लिए लगाते हुए उसे गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। पुलिस ने आरोपी की सारी डिटेल निकाल ली है। शहर कोतवाल संजय त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही वह पुलिस के शिकंजे में होगा।