वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के जमुई गांव निवासी एक युवक को कुछ लोगों ने शुक्रवार को फोन करके बुलाया। जब युवक वहां पहुंचा तो रॉड और चाकुओं से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार जमुई गांव निवासी मनोज यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव को माहपुर गांव निवासी प्रदीप यादव ने फोन करके करहा स्थित एक स्कूल के पास आने के लिए कहा। जब मनोज पहुंचा तो वहां पहले से घात लगाए बैठे प्रदीप यादव, संदीप, कृष्णा, चंदू यादव, अविनाश यादव, अमर यादव ने लोहे के रॉड और चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर जबतक आसपास के लोग वहां पहुंचे जान से मारने की धमकी देते हुए सभी फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।