मऊ। तीन ग्राम प्रधानों और 15 ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव 19 फरवरी को होगा। जिला प्रशासन ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। जिले के तीन ब्लॉकों के तीन गांवों में प्रधान सहित अन्य ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त चल रहे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) प्रवीण मिश्र ने बताया कि रतनपुरा के भुड़सुरी, रानीपुर के भेड़ियाधर गांव, दोहरीघाट में शाहपुर में ग्राम प्रधान पद रिक्त हैं। इसके अलावा रानीपुर ब्लॉक में सेमरी, अमरसेपुर, दोहरीघाट ब्लॉक में हैबतपुर, रतनपुरा ब्लॉक में दतौड़ा, मुबारकपुर, मखना, पिंडोहरी, हलधरपुर, मेउडी कला, फतेहपुर मंडाव ब्लॉक में पदारथपुर, गुरुम्हां, महमूदसराय, सौड़ी, मारूफपुर, भवरापुर में ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए चुनाव होगा। नामांकन पत्रों को जमा करने की अंतिम तिथि आठ फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 10 फरवरी को होगा। उम्मीदवारी वापस लेने की तीथि 11 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक होगा। चुनाव चिह्न का आवंटन 11 फरवरी को होगा। मतदान 19 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतगणना 21 फरवरी को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। निष्पक्ष चुनाव के लिए रानीपुर में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी एडीओ एजी अजय कुमार यादव को नियुक्त किया गया है। रतनपुरा में सहायक आयुक्त हथकरघा एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह, एडीओ आईएसबी नंद जी राजभर, फतेहपुर मंडाव में जिला गन्ना अधिकारी अजीत कुमार पांडेय, सहायक निर्वाचन अधिकारी एडीओ कोऑपरेटिव सुनील कुमार को नियुक्त किया गया है। दोहरीघाट में निर्वाचन अधिकारी जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता और सहायक निर्वाचन अधिकारी एडीओ आईएसबी विनोद चौहान को नियुक्त किया गया है।