मधुबन। क्षेत्र के कटघरा शंकर मोड़ पर दो दिन पहले सड़क हादसे में घायल कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के बहनोई की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर के अनुसार बिहार के दरभंगा जिले के गोशलावर निवासी विंदेश्वर साहनी (53) पुत्र बरदारी साहनी मधुबन थाना क्षेत्र के कटघराशंकर मोड़ बाजार में कबाड़ का कारोबार करते थे। बुधवार को विंदेश्वर दुकान बंद कर पैदल कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक की टक्कर से वह घायल हो थे। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर मंडाव ले गए थे। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान कारोबारी की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के बहनोई विनोद साहनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।