घोसी मे उपेक्षित पड़ा रोडवेज।संवाद
- फोटो : MAU
घोसी। घोसी नगर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बस स्टेशन बसों के अंदर न जाने से मात्र शो पीस बनकर रह गया है। रोडवेज भवन का नए सिरे से निर्माण कराने की घोषणा की गई है। लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं कराया जा सका। लोगों ने बसों के स्टेशन के अंदर से चलाने और यहां से आजमगढ़, मधुबन आदि स्थानों के लिए बस चलाने की मांग के साथ सभी से मुद्दा बनाने की बात कही। प्रथम पंचवर्षीय योजना के दौरान घोसी नगर के मध्य में एक एकड़ के क्षेत्रफल में बस स्टेशन बना है।बस स्टेशन के अंदर बसों के रुकने के लिए पर्याप्त जगह है। लेकिन इसके बावजूद गोरखपुर, वाराणसी,मऊ आदि स्थानों से आने वाली बसें अंदर नहीं जाती हैं। मुख्य सड़क के किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करने के साथ भीड़ भाड़ के बीच बसों में चढ़ने को बाध्य होना पड़ता है। इससे कई बार यात्री चोटिल हो जाते हैं।बसों के सड़क पर खड़े होने तथा प्राइवेट वाहनो,ठेलों के बेतरतीब खड़े होने से जाम की स्थिति बन जाती है।यही नहीं, यहां से आजमगढ़ कमिश्नरी के साथ मधुबन, बेल्थरारोड बलिया आदि स्थानों के लिए बस न होने से भी लोगों को बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। नगर के बैसवाड़ा निवासी सलाउद्दीन खान ने बताया कि लम्बे चौड़े भू भाग में फैले बस स्टेशन जहां बसों के रुकने का भरपूर स्थान है,फिर भी यहां से आजमगढ़ कमिश्नरी के लिए बस न होने से मुकदमा आदि के लिए आजमगढ़, जीयनपुर,मोहम्दाबाद आदि स्थानों को जाने वालों को बहुत कठिनाई होती है। पकड़ी मोड़ निवासी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि लंबेचौड़े क्षेत्र में फैले बस स्टेशन की उपेक्षा से यह शो पीस बनकर रह गया है। रखरखाव के अभाव में यह लोगो के वाहनों के पार्किंग का अड्डा बन कर रह गया है।दिन में लोगो के मिलने और रात्रि में अवांछनीय लोगो का अड्डा बन कर रह गया है। नगर के अंसार अहमद ने बताया कि बसों के अंदर न जाने से यात्रियों को बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। सरकारी बसों के साथ प्राइवेट वाहनो के सड़क पर खड़े होने से बराबर जाम की स्थिति बन जाती है। बसे बसस्टेशन के अंदर जानी चाहिए। बस स्टेशन निवासी अभिषेक गुप्ता ने बताया कि घोसी बस स्टेशन से मधुबन, मझवारा, बलिया आदि स्थानों के लिए बस न चलने से इन स्थानों को जाने वाले लोगों को बहुत परेशानी होती हैं।