रानीपुर। मऊ से चिरैयाकोट जाने वाली एक निजी बस का स्टेयरिंग फेल हो जाने से वह सड़क से नीचे उतर गई। जिससे बड़ा हादसा होते होते बच गया। घटना बुधवार को रानीपुर थाना के रामवन में वन विभाग की नर्सरी के पास हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। यात्री दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए निकले।
मऊ से बढुआ गोदाम, काझा, सरसेना होते हुए चिरैयाकोट जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस बुधवार की सुबह लगभग 10:30 बजे रानीपुर थाना के रामवन स्थित वन विभाग की नर्सरी के पास पहुंची, इसी दौरान बस की स्टेयरिंग फेल हो गयी। जिससे बस सड़क से नीचे उतर गयी। इस बीच उसमें बैठे यात्री चीखने चिल्लाने लगे। कुछ लोग बस की खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले। चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हालांकि कुछ को हल्की चोट लगी थी। घटना के बाद यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य को निकल गए।