घोसी। कोतवाली क्षेत्र के सीताकुंड के पास रविवार की देर शाम बस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने रोडवेज बस को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घोसी कोतवाली के भटौली मलिक जैनापुर निवासी सूर्यभान राजभर (40) रविवार की शाम को सात बजे धान के बीज खरीद कर बाइक से वापस घर जा रहा था। घोसी नगर के तहसील से सटे सीताकुंड जैनापुर मोड़ के पास गाजीपुर डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर घोसी कोतवाल अनिलचंद्र तिवारी ने हमराहियों के सहयोग से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घोसी कोतवाली पुलिस ने मऊ पहुंच कर लाश को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। सूर्यभान उत्तराखंड के ऋषिकेश में पेंटिंग का कार्य करता था। पांच दिन पूर्व ही वह धान के सीजन खेती के लिए घर आया था।
इनसेट
गर्भवती है पत्नी, घटना की सूचना मिलते ही हुई बेहोश
पति सूर्यभान की मृत्यु की सूचना मिलते ही गर्भवती पत्नी रिंकू देवी राजभर बेहोश गई। मां शोधनी देवी तथा दोनो बच्चों अंश और काजल का भी रो रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद पुलिस ने रिंकू देवी राजभर की तहरीर पर गाजीपुर डिपो के बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।