मधुबन के कचिला नरायणपुर स्थित एक मकान में आगलगी की घटना के बाद में जली मोटरसाइकिल और अन्य सामान।
- फोटो : MAU
माधुबन। थाना क्षेत्र के कचिला नारायनपुर गांव में बृहस्पतिवार को चूल्हे से निकली चिंगारी से रिहायशी मड़ई में आग लग गई। आगलगी की घटना में घर में रखा 39 हजार रुपये नकदी सहित करीब दो लाख मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीण ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुक्रवार को राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट प्रशासन को भेजा। कचिला नारायणपुर गांव निवासी स्व. गुलाब यादव की मड़ई है। बृहस्पतिवार की रात उसकी पत्नी बिंदु ने चूल्हा पर खाना बनाया और परिवार के सदस्य भोजन के बाद सो गए। देर रात करीब एक बजे चूल्हे से निकली चिंगारी से मड़ई में आग लग गई। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते जब तक आग ने पूरी मड़ई को अपने चपेट में ले लिया। जुटे ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बिंदु ने बताया कि घटना में 39 हजार रुपये नकदी, एक बाइक सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।