कलेक्ट्रेट पर बुनकरों की समस्या को लेकर डीएम को पीएम और सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपते सपा नेता अल
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में लॉकडाउन के दौरान बुनकरों को होने वाली समस्याओं को लेकर सपा के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य अल्ताफ अंसारी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी को सौंपा। इसमें बुनकरों की समस्याओं के निदान की मांग की गई। अल्ताफ अंसारी ने बताया कि ताने-बाने और बुनकर नगरी में लॉकडाउन के चलते बुनकरों का रोजगार लगभग छिन गया है। आवागमन बाधित होने से माल की सप्लाई ठप है। इसके चलते सेठ साहूकार और बुनकर गृहस्ता चाह कर भी मजदूर बुनकरों की मदद नहीं कर पा रहे। ऐसे में बुनकरों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। शहर, कोपागंज, वलीदपुर, खैराबाद, इंदारा, अदरी को मिलाकर बुनकरों का बड़ा तबका है। जिनके पास लूम के अतिरिक्त आजीविका का कोई अन्य साधन नहीं है। काम बंद होने से परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच चुका है। अल्ताफ अंसारी ने शासन के साथ प्रशासन से बुनकरों के लिए खाद्यान्न के साथ अन्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।