नगर पंचायत चिरैयाकोट के लिए दूसरी बार हो रहे नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष तथा सदस्य पद पर कब्जा करने के लिए प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। प्रत्याशियों की ओर से अपने प्रतिद्वंदी की कमियां निकाल कर मतदाताओं को बताया जा रहा है। प्रत्याशी सर्वांगीण विकास को मुद्दा बनाकर मतदाताओं को लुभाने में लगे हुए हैं। नगर पंचायत चिरैयाकोट में पहली बार वोटर बने युवा मतदाता वोट देने को लेकर काफी उत्साहित हैं। युवाओं ने नए चेहरों पर विश्वास जताने की बता कही। पहली बार मतदाता बनी लालती गुप्ता का कहना है कि नगर पंचायत अब भी विकास के मामले में काफी पीछे है। अबकी बार जातपात से ऊपर विकास के लिए वोट करेंगी।
माधुरी मौर्या कहती हैं कि पांच वर्ष का समय बीत जाने के बाद हमें यह मौका मिला है। नगर पंचायत को सभी बुनियादी सुविधा से सुसज्जित करने का भरोसा दिलाने वाले के लिए ही अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। शालिनी जायसवाल और राहुल गुप्ता कहते हैं कि नगर पंचायत में सफाई , मच्छर रोधी घोल का छिड़काव समय पर नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। नालियां जाम और खुली हुई हैं। विकास का भरोसा दिलाने वाले को ही वोट दिया जायेगा।
पंकज गुप्ता का कहना है कि अब की बार विकास करने वाले प्रत्याशी को ही नगर पंचायत का अध्यक्ष चुनेंगे। शुभम मौर्य कहते हैं कि चिरैयाकोट नगर पंचायत आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनी पानी टंकी , वाटर कूलर जनता के काम नहीं आ रहे। कई वार्डों में बरसात के पानी के निकासी की व्यवस्था नहीं हो पाई है़। इन सब समस्याओं से निजात दिलाने वाले प्रत्याशी को प्राथमिकता दी जाएगी।