मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां जहां अंतिम दौर में चल रही है। वहीं, विधानसभा चुनाव के बाद परीक्षा होने को लेकर विद्यार्थियों की बेचैनी बढ़ गई है। चुनाव के चलते चार से 10 मार्च तक नगर के माध्यमिक विद्यालयों के अधिग्रहण किए जाने से पढ़ाई भी बाधित होगी। हालांकि विभागीय अधिकारी कोर्स पूरा होने का दावा कर रहे हैं। जिले में 517 माध्यमिक विद्यालय हैं। फरवरी माह बीत गया, लेकिन कई विद्यालयों का अभी तक कोर्स पूरा नहीं हो सका है। चुनाव के बाद बोर्ड परीक्षा घोषित होने की चर्चा से परीक्षार्थियों की बेचैनी बढ़ गई है। शिक्षकों की मानें तो संक्रमण काल में विद्यालयों के बंद रहने तथा चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी लगने से कोर्स पीछे चल रहा है। चुनाव में चार से 10 मार्च तक विद्यालयों का अधिग्रहण किया गया है। इससे पठन पाठन बाधित रहेेगा। सूत्रों की मानें तो 50 प्रतिशत से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में कोर्स पूरा नहीं हो पाया है। प्री बोर्ड की परीक्षाएं करा दी गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि कोर्स पूरा हो गया है। तालीमुद्दीन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मुहम्मद मजहर ने बताया कोर्स पूरा कर लिया गया है। अप्रैल माह में नया शिक्षा सत्र शुरू हो जाता है। ऐसे में गृह परीक्षाएं भी करानी है। डीएवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य देव भाष्कर तिवारी ने बताया कि कोर्स पूरा करा दिया गया है। परीक्षा का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी माध्यमिक विद्यालयों में प्री बोर्ड की परीक्षाएं कराने के साथ ही कोर्स पूरा हो गया है। औचक निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।