मऊ। दोहरीघाट क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा किसान मोर्चा प्रेम शंकर राय उर्फ टुनटुन राय के नेतृत्व में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने चार सूत्रीय ज्ञापन प्रभारी बीडीओ सदानंद पांडेय को सौंपा। ज्ञापन में ब्लॉक के विकास कार्यों के लिए 19 दिसंबर को निकाले गए टेंडर को तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है। मांग पत्र में सवाल उठाया गया है कि खंड विकास अधिकारी के छुट्टी पर रहने के बाद टेंडर निकाले जाने की जांच की जानी चाहिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य दारा सिंह चौहान के प्रतिनिधि शिव प्रकाश उपाध्याय उर्फ सुबी बाबा ने कहा विकास कार्यों को करने के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य निरंतर संकल्पित हैं। परंतु जो विज्ञापन निकाला गया है उसमें बहुत से काम प्रधानों द्वारा कराए गए हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में योगी की सरकार में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने पाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी को भी अवगत कराने की बात उन्होंने कहा। ज्ञापन सौंपने वालों ने ब्लॉक का टेंडर निरस्त करने और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव लेकर पुन: टेंडर कराने की मांग किया। लेखा अधिकारी अखिलानंद चौबे ने कहा खंड विकास अधिकारी के छुट्टी के आने के बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाई जाएगी तथा उक्त ज्ञापन के संबंध में उच्चाधिकारियों अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर शिव कुमार यादव, रामकृपाल चौहान, पूनम राय, प्रदीप कुमार उर्फ पवन राय सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य रहे।