मुहम्मदाबाद गोहना के सेक्रेड हार्ट स्कूल में आयोजित स्वागत समारोह में बोलते राज्यसभा सदस्य जय प
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। भाजपा के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद के मुहम्दाबाद में प्रथम आगमन पर सेक्रेड हार्ट स्कूल के सभागार में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयप्रकाश निषाद ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम एवं किसानों की आय दोगुनी करने के एजेंडा से संपूर्ण विपक्ष की राजनीतिक जमीन खिसकने से सभी विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं और अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। कहा कि विपक्ष सरकार को बदनाम करने का कोई मौका छोड़ना नहीं छोड़ रहे हैं। मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जनता का विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि विधायक श्रीराम सोनकर ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पंचायत में भाजपा ने जयप्रकाश जी को भेजकर मछुआरा समाज को गौरवान्वित किया है। मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कन्हैया प्रसाद निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद पहली बार मोदी सरकार ने मछुआरा समाज के उत्थान के लिए बजट में बीस हजार करोड़ का प्रावधान किया है। कार्यक्रम के संयोजक हरिकृष्ण बरनवाल ने कहा कि भाजपा ही सच्चे अर्थों में निषाद समाज की हितेषी है। कार्यक्रम का संचालन आशा प्रसाद चौधरी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. के सी निषाद, लालजी वर्मा, जनार्दन शर्मा, बनवारी सोनकर, विनोद कुमार निषाद, अखिलेश चौधरी आदि ने संबोधित किया।