भारतीय जनता पार्टी ने भी सपा की तर्ज पर मुहम्मदाबाद गोहना विधान सभा क्षेत्र से पार्टी के घोषित प्रत्याशी पूर्व मंत्री और तीन बार क्षेत्र से विधायक रहे श्रीराम सोनकर का टिकट काटकर अब क्षेत्र से एक महिला प्रत्याशी पूनम सरोज पर दांव लगाया है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी सूची में पूनम सरोज का नाम शामिल है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने यहां से निवर्तमान विधायक श्रीराम सोनकर को फिर से प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा किया था। श्री सोनकर के नाम की घोषणा के बाद क्षेत्र में कई जगह विरोध की खबर आने पर पार्टी नेतृत्व ने उनकी जगह पूनम सरोज को प्रत्याशी बनाया है। 38 वर्षीय पूनम सरोज एमए बीएड हैं और स्थानीय कस्बा के महिला कॉलेज में संस्कृत की प्रवक्ता है। पूनम सरोज के पति डॉक्टर उमेश सरोज प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जन हैं। वह पीजीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में भी अपने सेवाएं दे चुके हैं। श्रीराम सोनकर मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार 1991 में विधायक बने। इसके बाद 1996 के चुनाव में क्षेत्र से दूसरी बार विधायक चुने गए थे लेकिन इसके बाद 2002 में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था। 15 साल के अंतराल के बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से उन्होंने क्षेत्र में भाजपा का परचम फहराया था। 2022 में भी इस क्षेत्र से उनके नाम की घोषणा हो चुकी थी, लेकिन क्षेत्र में दर्जनों जगह विरोध की खबर आने के बाद शीर्ष नेतृत्व ने उनका टिकट काटकर पहली बार क्षेत्र से महिला प्रत्याशी पूनम सरोज को मैदान में उतारा है। पूनम सरोज की नाम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर किया है।