वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहा बाजार के पास रविवार की देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार कोतवाली के तिलसवा गांव निवासी राजेश यादव (35) मुहम्मदाबाद गोहना वीआरसी में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। अभी करहा बाजार के पास पहुंचे थे कि जहानागंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने रेफर कर दिया।