रानीपुर थाना क्षेत्र के टड़वा आरा मशीन के पास युवक को बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने के बाद जिला अ?
- फोटो : MAU
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के टड़वा गांव के पास शुक्रवार की दोपहर बाइक से जा रहे युवक को ओवरटेक कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए। घायल की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, युवक की गंभीर हालात देखते हुए उसे बीएचयू रेफर कर दिया गया। प्रभुटंडा गांव निवासी सौरभ सिंह 26 दोपहर में शेविंग कराने पलिया बाजार की तरफ बाइक से जा रहा था। रानीपुर-खुरहट मार्ग स्थित टड़वा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोका। सौरभ कुछ समझ पाता इससे पहले कि एक बदमाश ने असलहे से गोली चला दी। जो सौरभ के दाहिनी जांघ में लगी। गोली लगते ही सौरभ बाइक से गिर पड़ा। बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल की चीखपुकार पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ मुहम्मदाबाद नरेश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे और घायल हो अस्पताल भेजवाया। थानाध्यक्ष रानीपुर बृजमोहन सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।