चिरैयाकोट। नगर के बाजार चौक पर स्थित पुलिस बूथ के सामने मंगलवार की रात एक बाइक सवार युवक पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में आए परिजन उसे इलाज के लिए आजमगढ़ ले गए। नगर क्षेत्र के कमालुद्दीनपुर वार्ड निवासी राकेश राजभर 35 पुत्र मोतीलाल राजभर मंगलवार की रात बाइक से बाजार स्थित मछली मार्केट पर किसी कार्य से गया हुआ था। वहां से वापस घर जा रहा था। वह ज्यों ही चौक स्थित पुलिस बूथ के पास पहुंचा कि उसके पीछे से गाजीपुर की तरफ से आजमगढ़ की तरफ जा रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। युवक बाइक सहित सड़क पर गिर गया। युवक का दाहिना हाथ ट्रक के पिछला ट्रक के नीचे चला गया। जिससे उसका हाथ कुचलकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने गई। घायल युवक को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।