रानीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा-रानीपुर मार्ग पर रविवार की रात बाइक सवार युवक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उसे सीएचसी पर लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार की रात साढ़े आठ बजे के करीब थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी अवधेश पासवान (45) अपनी बाइक से मुख्यालय की तरफ से अपने घर जा रहा थे। गोकुलपुरा पुल के पास रानीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।संवाद