कोपागंज थाना क्षेत्र के रजपुरा के पास रविवार की शाम चार बजे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के समय ट्रैक्टर को करीब आता देख बाइक चालक अपने साथी के साथ हट गया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। उधर ट्रैक्टर में फंसकर करीब 100 मीटर तक बाइक घिसटती रही। कोपागंज थाना क्षेत्र के लाडनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि राजेश चौहान किसी काम से बाइक से कोपागंज आ रहे थे। अभी वह रजपुुरा के पास पहुंचे थे कि गांव के साथी वेदप्रकाश चौहान को देखकर सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बात करने लगे। इसी बीच रजपुरा से कोपागंज की तरफ जा रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पहले कुछ दूरी पर ट्रैक्टर को बाइक की तरफ आता देखकर दोनों सड़क किनारे कूद गए। उधर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक उसमें फंसकर घिसटती रही। कुछ दूरी पर बाइक के हटते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया।