घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी मोड़ गांव के पास बुधवार की रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में घायल दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक घोसी कोतवाली क्षेत्र के जमीन सरहरा निवासी थे। पेंटर का काम करने वाले सरहरा निवासी हरीलाल पुत्र अक्षवर बुधवार की शाम अपने पेंटर तथा गांव के साथी अवधेश राजभर के साथ बाइक से घोसी कस्बा बाजार में आए हुए थे। यहा से करीब नौ बजे वह बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। अभी वह पकड़ी मोड़ के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में बाइक चला रहा हरीलाल तथा अवधेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची दोनों घायलों को अस्पताल ले आ रहे थे कि रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना में मृत हरीलाल का छह माह पूर्व ही विवाह हुआ था। वही अपने माता पिता के देहांत के बाद परिवार का भरण पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वहीं दूसरा मृतक अवधेश को विवाह दस वर्ष पहले हुआ था। उसकी पांच वर्षीय पुत्री शिवांगी तथा दो वर्षीय पुत्री सलोनी है। उसकी पत्नी कंचन का इसी माह प्रसव होने वाला है। हरीलाल की पत्नी रिंशू भी तीन माह की गर्भवती है। घटना में गांव के दो युवाओं के एक साथ मौत होने से मातम पसर गया। सीओ घोसी नरेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में जा गंवाने वाले युवकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।