मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मतलूपुर फोरलेन पर शनिवार की दोपहर में एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसपर सवार दूसरा युवक घायल हो गया।
घायल की पहचान सोनभद्र जिले के गरबंधा बासी निवासी अंकित उपाध्याय 23 पुत्र राम अवतार के रूप में हुई। जबकि मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से मातलुपुर मोड के पास से गुजर रहे थे तभी अचानक बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दक्षिण टोला पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां एक युवक को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, वहीं दूसरे की हालात गंभीर बनी हुई। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। घायल के पास मिले दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान की गई है, पुलिस घटना की जांच कर रही है।