मुहम्मदाबाद गोहना। टंडवा चौबेपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम दवा लेकर घर जा रहे अधेड़ को बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक भी अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक चालक भी घायल हो गया। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल लाकर भर्ती कराया। जहां देर रात अधेड़ की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के टड़वा चौबेपुर निवासी अमरजीत चौहान (45) बृहस्पतिवार की रात आठ बजे दवा लेकर घर जा रहे थे। इस बीच मुहम्मदाबाद की तरफ से जा रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमरजीत सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें मुहम्मदाबाद गोहना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। जिसका इलाज चल रहा है।
अमरजीत असम में रहकर अपना व्यवसाय करते थे। कुछ दिन पहले ही वह घर आए थे। उनकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में पत्नी कमली के लावा चार पुत्र और एक पुत्री है। छोटे भाई की कुछ दिन पहले असम में किसी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मृत्यु से परिवारजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।