मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मालव पिटोखर गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात एक बाइक ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहना था। वहीं बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालव ग्राम पंचायत के पिटोखर मौजा निवासी राजेश राजभर उर्फ ढोलकिया (40) पुत्र मारकण्डेय अपने ही गांव के रहने वाले अजय राजभर उर्फ नागा (30) पुत्र अवधेश राजभर के साथ बाइक से देर रात अपने घर वापस आ रहा था। इस दौरान करहा जहानागंज रोड पर मालव गांव के निकट रोड पर बने ब्रेकर पर बाइक उछलकर अनियंत्रित हो गई। इसके बाद पास में ही एक पेड़ और फिर एक मकान की दीवार से टकरा गई। बाइक चला रहे राजेश के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा अजय बुरी तरह घायल हो गया। उसे निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा गया।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इस दुखद और आकस्मिक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
हेलमेट पहना होता तो बच जाती जान
मालव ग्राम पंचायत के पिटोखर मौजा निवासी राजेश राजभर उर्फ ढोलकिया (40) की बाइक ब्रेकर पर असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे सिर में चोट लगने की वजह से राजेश की दर्दनाक मौत हो गई। यदि वह हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान नहीं जाती।