वलीदपुर/शिकोहाबाद। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भातकोल निवासी युवक की शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास कैफियात एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई। वह अपने तीन दोस्तों के साथ दिल्ली जा रहा था। एक माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार भातकोल गांव निवासी राजू चौहान (23) पुत्र भीम चौहान बुधवार को गांव के अपने दोस्त हरीराम, करण, बिरजू के साथ दिल्ली के लिए कैफियात एक्सप्रेस सवार हुआ था। बृहस्पतिवार की भोर में करीब चार बजे ट्रेन शिकोहाबाद स्टेशन क्रॉस कर आरौंज गांव के पास पहुंची थी कि दरवाजे पर बैठा राजू ट्रेन के नीचे गिर गया। उसके दोस्तों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोकी और घटना की जानकारी राजू के पिता को दी। राजू पहली बार कमाने के लिए दिल्ली जा रहा था। इससे पहले वह पंजाब में एक कंपनी में काम करता था। बीती 15 मई को उसकी शादी हुई थी, जिसके लिए वह पंजाब से गांव आया था। तीन दिन पहले पत्नी कविता को उसके मायके में छोड़ने के बाद वह दिल्ली के लिए निकला था। वह दो बहनों के बीच अकेला भाई था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं परिवार के कुछ सदस्य उसका शव लाने शिकोहाबाद रवाना हो गए। उधर, शिकोहाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्र ने बताया कि सूचना मिली था कि आरौंज गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। इस पर पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लिया।