ोपागंज स्थित एक मिठाई की दुकान पर कोई सूची चस्पा नहीं।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। अगर आप इस भीषण गर्मी में मिठाईयां खरीदने जा रहे हैं तो सावाधानी जरूरी है। आप दुकान में ताजी बासी देखकर ही मिठाई खरीदें। ऐसा न हो कि आप इन्हें खरीदते समय सावधानी न बरतें और सेहत के साथ खिलवाड़ कर बैठें। इन दिनों आदेश के बावजूद बिना एक्सपायरी डेट लिखी मिठाइयां धड़ल्ले से बेची जा रही हैं। जबकि जिम्मेदार इससे लापरवाह बने हैं। नगर की कुछ बड़ी दुकानों को छोड़कर अधिकांश मिठाई की दुकानों पर ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। इसका लाभ उठाकर गाजीपुर तिराहा, भीटी चौराहा, आजमगढ़ मोड़, मिर्जाहादीपुरा तिराहा सहित ग्रामीण अंचल के अधिकांश दुकानदार लोगोें की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। दुकानदार मिठाई के बनने और उसके एक्सपायर होने की तिथि न लिखकर धड़ल्ले से इन्हें डिब्बों में पैक कर बेच रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को पता भी नहीं चल रहा कि मिठाई कब की बनी हुई है और कब तक चलेगी। जबकि नियमानुसार दुकानदारों को अपने मिठाईयों के स्टॉल पर यह साफ-साफ लिखना है कि कौन सी मिठाई कब बनी और कितने दिनों तक चलेगी। चौंकाने वाली बात है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो इसके लिए ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ ने बीते वर्ष से यह नियम लागू किया था। लेकिन जिम्मेदार विभाग खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग इसे लेकर संजीदा नहीं है। ऐसे में सब कुछ कागजों पर चल रहा है। हालांकि अधिकारी अधिकतर त्याहारोें में ही सक्रिय होते हैं, मिठाईयों के सैंपल तो लेते हैं लेकिन नियम का पालन न करने वालों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करते। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जीएल केशरवानी बताते हैं कि यह ध्यान रखना जरूरी है कि जो हम खा रहे हैं कहीं वह एक्सपायर तो नहीं है। यदि ऐसा है तो आपको स्वास्थ्य संबंधी कुछ बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। एक्सपायरी मिठाई के सेवन जी मिचलाना, बुखार आना, फूड पॉयजनिंग, डायरिया, पेट दर्द आदि की परेशानियां हो सकती हैं। जिला अभिहित अधिकारी एसके त्रिपाठी ने बताया कि दुकानदारों को डिब्बे पर एक्सपाइरी डेट लिखने के लिए जागरुक किया गया था। यदि इसका पालन नहीं हो रहा है तो जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर कार्रवाई होगी।
नगर के एक मिठाई की दुकान पर मिठाईयों पर चस्पा एक्सपायरी की सूची।संवाद- फोटो : MAU