मऊ। सरायलखंसी पुलिस ने बुधवार देर शाम चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चांदमारी इमिलिया में पैसे का लेन-देन और लैपटॉप की अदला-बदली कर रहे छह शातिरों को संदेह होने पर पकड़ा। जब पुलिस ने पूछताछ के बाद पड़ताल की तो पता चला कि यह शातिर बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड के सट्टा गिरोह से जुड़े हैं।
गिरफ्तार दुर्गेश गिरी निवासी सेमरी जमालपुर घोसी, दीपक कुमार वर्मा निवासी तेजपुरवा सारण बिहार, पी रोहन कुमार, हिमांशू साहू निवासी गण जामुल दुर्ग छतीसगढ़, रोशन कुमार निवासी चकजोहरा, धनरुआ पटना बिहार व विजय मुंडा निवासी बरकाकाना रामगढ़ झारखंड के रूप में हुई। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री और नगर क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़े गए सभी छह के कब्जे से 16 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 30 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक, 48 सिमकिट, 3 पासबुक के साथ 2 बाइक बरामद कर गिरफ्तार कर लिया गया। शातिरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रवीण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सरायलखंसी, उपनिरीक्षक प्रभात चंद्र पाठक, मनमोहन सिंह, सुनील यादव, लव कुमार, सुरजीत कुमार व पंकज कुमार शामिल थे।
इस तरह से करते थे ठगी
सभी ने बताया कि मोबाइल व लैपटॉप से ठगी का पैसा बैंक खाते में लेते थे। नाम और पहचान बदलकर चेकबुक, पासबुक पैसों का हेर फेर करते थे। जाली दस्तावेजों से बैंक का खाता चलाते थे। ऑनलाइन बेटिंग से कुछ लोगों द्वारा आईपीएल में भी पैसा लगवाते थे। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय कर दिया।