रतनपुरा। स्थानीय ग्राम पंचायत के ग्राम सचिवालय पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का लगा बैनर आदर्श आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन कर रहा है। यही नहीं रतनपुरा बाजार में दर्जनों ऐसे बैनर लगे हैं। जबकि वहां से कुछ ही दूरी पर ब्लॉक मुख्यालय और पुलिस चौकी है। रोजाना अधिकारी वहां से गुजरते हैं, लेकिन किसी की नजर उन बैनरों पर नहीं पड़ती है। एक दिन पहले ही नेहरू इंटर कॉलेज के पास एक राजनीतिक दल का बैनर लगा था। स्थानीय लोगों की ओर से अवगत कराने पर स्थानीय पुलिस ने हटवाया। लेकिन वहां आसपास लगे बैनरों पर नजर नहीं पड़ी। लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में आचार संहिता लगे हुए एक सप्ताह से ऊपर हो गया। लेकिन आचार संहिता के उल्लंघन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। प्रशासन का दावा है कि बीते दिनों व्यापक पैमाने पर अभियान चलाकर बैनर पोस्टर हटवाए गए थे। लेकिन इन अभियान का असर हर जगह नहीं दिख रहा है। रतनपुरा ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में साधन सहकारी समितियों और कई सार्वजनिक स्थानों पर राजनीतिक दलों से संबंधित बैनर लटक रहे हैं।
कोट
अभियान चलाकर बैनर हटवाए गए हैं। यदि किसी ने लगाया है तो उसे उतरवाया जाएगा।
हरेंद्र यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक, हलधरपुर