मुहम्मदाबाद गोहना। कस्बा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में बैंक प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बैंककर्मियों के जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बैंक को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। बैंक कर्मचारियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एहतियातन बैंक को दो दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बैंक बंद होने से रोजाना लेन-देन करने वाले व्यापारियों तथा अन्य ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिले में कोविड-19 का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। अब इसकी चपेट में आने से कोई भी सेक्टर-कार्यालय अछूता नहीं रह गया है। सावधानी के बावजूद यूनियन बैंक के 4 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से बैंक को बंद कर दिया गया है। सोमवार की देर शाम चार कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद बैंक का कार्य पूरी तरह से बंद कर करने का फैसला किया गया। बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा का यूनियन बैंक व्यापारिक दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण बैंक माना जाता है। यहां पर कस्बा के सभी बड़े व्यापारियों का खाता है और रोजाना वहां से लगभग 1 करोड़ का लेन देन होता है। रिपोर्ट के बाद कर्मचारियों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर बैंक प्रबंधक ने बताया कि रैंडम जांच के दौरान चार कर्मचारियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जिसको लेकर बैंक को 48 घंटे के लिए बंद किया गया है। बताया कि बैंक को सेनिटाइज किया गया है। बैंक खोलने का निर्णय बड़े अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा।