दुबारी। सड़क निर्माण में लगे गिट्टी गिराने के कार्य में लगा एक डंफर बृहस्पतिवार की दोपहर में बेकाबू होकर दुबारी चौक में बिजली खंभे से जा टकराई। इस हादसे में खंभा के टेढ़ा होने के चलते बिजली के तार टूटने से दुबारी कस्बा के 10 हजार से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उधर, बिजली आपूर्ति बाधित होने पर इसे दुरस्त करने में बिजली विभाग के अधिकारी जुटे है। मधुबन थाना क्षेत्र के मध़ुबन-परसिया सड़क मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे के गिट्टी लेकर परसिया की तरफ जा रहा डंफर दुबारी चौक में बेकाबू हो गया। जिसके चलते दुबारी चौक में सड़क किनारे लगे बिजली खंभे से जा टकराया। फलस्वरूप डंफर की टक्कर से बिजली खंभा टेढ़ा हो गया, वहीं आपूर्ति के लिए लगा हाईटेंशन तार टूटकर नीचे आ गिरा। संयोग अच्छा था कि हादसे के समय बाजार में भीड़ कम थी, वहीं घटना के बाद बिजली विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए बिजली आपूर्ति बंद कर दिया। जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उधर, हादसे के चलते पूरे दुबारी कस्बा के करीब 10 हजार से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस संबंध में बिजली विभाग के अवर अभियंता रविचंद्र का कहना है कि टक्कर से तार के टूटने से आपूर्ति बाधित है। रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।