मऊ। संविधान निर्माण डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर बुधवार को जगह-जगह आयोजन हुए। स्कूल, काॅलेजों और सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धांजलि देकर बाबा साहब के योगदान पर चर्चा की गई। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से डाॅ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर भीटी स्थित प्रतिमा पर तथा कार्यालय पर माल्यार्पण करने के साथ ही नगर के हिंदी भवन के सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि तथा वक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि डाॅ. भीमराव अंबेडकर ने अपनी मेधा के बल पर बचपन से ही अपनी एक अलग पहचान बना ली थी। उस समय शोषित और वंचित समाज के लिए बाबा साहब ने अनेकों सराहनीय कार्य किए। भाजपा जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा की बाबा साहब ने देश के समाज को नई दिशा दी है। समाज को बाबा साहब के विचारों पर चलते हुए समरसता के साथ देश के विकास में अपने अपने हिस्से का योगदान देना चाहिए। भाजपा सरकार ने बाबा साहब के सपनों को पूरा करने के लिए तमाम योजनाएं चला रखी है जिससे वंचित समाज को मुख्य धारा में जोड़ने में सहायता मिल रही है।क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने कहा कि बाबा साहब का जीवन नई पीढ़ी को सीख देता है। कार्यक्रम को भरतलाल राही, सुब्बाराव भारती आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर राकेश मिश्रा,संजीव जायसवाल, कृष्णकांत राय, हेमंत राय आदि शामिल शामिल रहे। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की तरफ से नगर स्थित ताजोपुर मोड़ पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह सहित कार्यकर्ता शामिल रहे। मुहम्मदाबाद गोहना : कस्बा के संत गणिनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को भारत रत्न बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान एक गोष्ठी का आयोजन कर किया गया। गोष्ठी में कॉलेज के प्रोफेसर मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कुमार ने बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में विस्तृत प्रकाश डाला। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हूर तलअत ने कहा कि हम सबको डॉ. आंबेडकर की तरह अध्ययनशील एवं लगनशील बनना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य शास्ता डॉ. प्रह्लाद, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. मीता सरल, डॉ. जगदेव, डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. विजय बहादुर, डॉ. अब्दुल कय्यूम शमसी, डॉ. अविनाश चन्द यादव, डॉ. दिलीप बौद्ध, डॉ.राजमणि डॉ. शिवप्रताप राय, डॉ. सरिता दुबे आदि उपस्थित रहे।