इंदारा। कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी के पास बृहस्पवितार की देर शाम अपने दोस्त के साथ पैदल जा रहे युवक पर चोरों ने रॉड से हमला कर मोबाइल छीनने का प्रयास किया। युवक के विरोध करने तथा चीख पुकार सुनकर लोगों को जुटता देख हमलावर भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पुलिस ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है। अदरी नगर पंचायत निवासी विमलेश मौर्या (25) शाम को अपने दोस्त अतुल विश्वकर्मा के साथ पैदल अदरी भट्ठे पर किसी काम से जा रहा था। भारतीय स्टेट बैंक के पास पहले से घात लगाकर बैठे चोरों ने पीछे से राड से हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। घायल और उसके साथी के चिल्लाने पर हमलावर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल विमलेश को निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डाक्टरों ने गंभीर स्थिति देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मऊ के एक प्राईवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।