दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के भैंसा खरग नई बाजार कादीपुर निवासी कमला सोनकर की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर मारपीट के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की शाम तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि शौचालय का गंदा पानी बहाने से मना करने पर मारपीट हुई। प्राथमिकी के अनुसार कमला सोनकर और उनकी बहन मैना सोनकर का आरोप है कि उनके पड़ोसी अमरजीत सोनकर, रंजीत सोनकर और सुशील सोनकर जानबूझकर अपने शौचालय का गंदा पानी उनकी मकान की दीवार से सटाकर बहा रहे हैं। जिससे उनके मकान की नींव कमजोर हो रही है और नुकसान पहुंच रहा है। इस संबंध में पहले घोसी तहसील में उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था। मुहल्लेवासियों के आने पर सभी वहां से चले गए। इसकी शिकायत थाने पर और एसपी के यहां की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।