कोपागंज। थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर के पूरा बाजार से सोमवार की दोपहर दो नाबालिग लड़कियों को कार में जबरदस्ती बैठाकर मऊ की तरफ भाग रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के रैनी में पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। लड़कियों के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर निवासी दो नाबालिग बहनें सोमवार की दोपहर पूरा बाजार में सामान लेने गई थीं। दोनों सड़क किनारे खड़ी थीं कि दो युवक अपनी शिफ्ट डिजायर कार में उन्हें जबरदस्ती खींच कर भागने लगे। घटना को लड़कियों के भाई ने कुछ दूरी से देख लिया, उसने तत्काल रैनी में मौजूद अपने कुछ परिचितों को इसकी जानकारी दे दी। उधर रैनी पहुंचते ही ग्रामीणों ने कार को घेरकर दोनों अपहर्ताओं को पकड़ लिया और दक्षिण टोला थाने की पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कोपागंज थाने का मामला बताते हुए उन्हें कोपागंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया। एसओ हरेराम मौर्य ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।