मुहम्मदाबादगोहना। स्थानीय कस्बा में रेलवे स्टेशन के सामने सालों से खराब पड़ी सात सौ मीटर सड़क अब जल्द ही दुरुस्त होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से 17 करोड रुपया की मंजूरी प्रदान की गई है। यह रकम रेलवे को दी जाएगी जिससे सड़क निर्माण में लगाई गई रोक हट जाएगी। इसके अलावा शहीद चौराहा पर सार्वजनिक सुलभ शौचालय भी बनाया जाएगा।
प्रदेश सरकार में नगर विकास ऊर्जा एवं ऊजा मंत्री एके शर्मा सोमवार को कस्बा के शहीद चौराहा पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कहा कि मुहम्मदाबादगोहना से मेरा विशेष लगाव है। मेरा बचपन का काफी समय यहां पर गुजरा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू हूं। मुहम्मदाबाद से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का ठहराव स्थानीय स्टेशन पर नहीं है।
जल्द ही रेल मंत्रालय से विचार विमर्श कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वंदन योजना के अंतर्गत तमसा नदी किनारे भगवान शिव के मंदिर के सुंदरीकरण के लिए भी दो करोड़ रुपया की मंजूरी प्रदान कर दी गई है। धनराशि नगर पंचायत को मिल भी चुकी है।
नगर में जल जमाव और बाढ़ में होने वाली समस्या के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष इंदु देवी और उनके प्रतिनिधि दीपक डायमंड द्वारा संज्ञान दिलाया गया है। नाला निर्माण की मंजूरी प्रदान कर दिया गया है। कहा कि ऊर्जा और नगर विकास विभाग से होने वाली सभी विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराए जाने का निर्देश दिया है। इसके पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक डायमंड, छोटू प्रसाद, अनमोल साहू, जगदीश गुप्ता, शाह आलम कुरेशी रामशरण चौहान आदि आदि मौजूद रहे।