मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाओं की चल रही तैयारी सोमवार को पूरी हो गई। परीक्षाएं 22 से 26 मार्च तक होंगीं। स्कूलों को एक घंटे पहले ही प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलास्तर से तीन सचल दस्तों का गठन किया गया है। जबकि ब्लाकवार गठित एक-एक सचल दस्ता विद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा पर नजर रखेगा। जिले में 1208 परिषदीय विद्यालयों में 1.60 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। कोरोना संक्रमण के चलते दो साल से परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की परीक्षा नहीं हुई। उन्हें ऐसे ही अगली कक्षा में पदोन्नत कर दिया गया था, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण की स्थिति सामान्य होने के बाद परीक्षा कराने की चल रही तैयारी सोमवार को पूरी हो गई। डायट में रखे प्रश्नपत्र सोमवार की देर शाम खंड शिक्षा अधिकारी स्तर से बीआरसी और उसके बाद एनपीआरसी को पहुंचाने का क्रम जारी रहा। एनपीआरसी से एक घंटा पहले स्कूलों को प्रश्नपत्र पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा 22 से 26 मार्च तक होंगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए विभाग की तरफ से जिला स्तर से डायट प्राचार्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त व लेखाधिकारी के नेतृत्व में सचल दस्तों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त ब्लाक स्तर पर एक-एक सचल दस्ता गठित किया गया है। ब्लाक स्तरीय सचल दस्तों में खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा बाल विकास विभाग अधिकारी शामिल होंगे। 30 मार्च तक परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। 31 मार्च तक प्रगति रिपोर्ट वितरण किया जाएगा। बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वार्षिक परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।