हलधरपुर। क्षेत्र के पहसा बाजार के पास बुधवार की दोपहर एक बजे छात्रों और अभिभावकों ने बलिया-मऊ राजमार्ग को जाम कर दिया। आरोप लगाया के रतनपुरा ब्लाक के एक प्राथमिक विद्यालय पर तैनात चार शिक्षक छात्रों को पढ़ाने की बजाय शौचालय साफ कराने के साथ अन्य काम कराते हैं। इससे करीब यातायात बाधित हो गया और वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पाकर पहुंचे थाना प्रभारी ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया, तब 45 मिनट बाद यातायात बहाल हुआ। अंत में जिलाधिकारी को संबोधित थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन कर रहे बच्चों और अभिभावकों का कहना था कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश का निलंबन समाप्त कर उन्हें वापस लाया जाए। आरोप लगाया कि विद्यालय की तीन महिला शिक्षिकाएं और एक शिक्षक बच्चों से शाैचालय साफ कराने के साथ झाड़ू लगवाते हैं। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। कहा कि विद्यालय में चारों शिक्षक-शिक्षिकाएं पढ़ाने की बजाय सोते हैं और मोबाइल देखने रहते हैं। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र का कहना है कि बीएसए के निर्देश पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है। साथ ही विद्यालय के समस्त स्टाफ का वेतन रोका गया है।