कोपागंज के चेला राम के पूरा में समपार बंद करने पहुंची रेलवे टीम,साथ में जेसीबी मशीन।संवाद
- फोटो : MAU
कोपागंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा लाडनपुर के पुरवा चेला राम का पुरा के मुख्य रास्ते पर बना समपार बंद करने आई भारी फ़ोर्स के साथ रेलवे की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। दोनों के बीच काफी देर तक तकरार होती रही। विरोध के बीच रेलवे ने समपार को बंद कराया। लेकिन ग्रामीण रास्ते के लिए मौके पर डंटे रहे। सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी घोसी और स्थानीय भाजपा नेताओं ने अधिकारियो से वार्ता करते हुए कुछ दिनों के लिए किनारे से मार्ग देने की सहमति पर मामला शांत कराया। दोहरीघाट-इंदरा रेलवे मार्ग पर आमान परिवर्तन का कार्य होने के चलते ट्रैक बिछाया जा रहा है। इसी के मद्देनजर रेलवे समपार को बंद करने के लिए एईएन एके श्रीवास्तव और आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह फ़ोर्स के साथ बृहस्पतिवार की सुबह समपार पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियो के पहुंचते ही आसपास के ग्रामीण जुट गए और समपार बंद करने का विरोध करने लगे। भारी विरोध के बीच रेलवे कर्मचारियों ने एक तरफ रास्ते को खोदते हुए समपार को बंद कर दिया। लेकिन ग्रामीण मौके पर ही डटे रहे। स्थिति नाजुक होते देख कुछ ही देर में एसडीएम सदर हेमंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने लगे। कुछ देर बाद भाजपा नेता और गोरक्षा प्रांत के मंत्री अखिलेश तिवारी और संस्कार भारती के प्रांतीय मंत्री प्रमोद राय ने भी पहुंच कर मौजूद अधिकारी से वार्ता करते हुए दो दिनों का समय मांगा। सभी का कहना था की वह जिलाधिकारी और रेलवे मंत्री से मिलकर अंडरपास की बनवाने की मांग करेंगे। बातचीत के बाद अधिकारियो ने समपार के किनारे से थोड़ा रास्ता देते हुए दो दिनों की मोहलत दी। तब जाकर मामला शांत हुआ।